फोटो-21-सीएचसी संडीला में बेसुध हुई संजय की पत्नी दिव्या को संभालती महिलाएं। संवाद
- फोटो : HARDOI
संडीला। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर संडीला कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे युवक को रौंद दिया। इसके बाद फिर एक साइकिल सवार और एक बाइक में भी टक्कर मार दी। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की मौत हो गई। पुलिस ने कार को पकड़ लिया, जबकि चालक भाग गया।
हरियावां निवासी बागेश (38) संडीला औद्योगिक क्षेत्र के बाहर हरदोई-लखनऊ मार्ग पर गुरुवार सुबह पैदल जा रहा था। इसी दौरान हरदोई की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बागेश को रौंद दिया।
इसके बाद कार अनियंत्रित हो गई और आगे जा रहे संडीला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हरदासपुर निवासी नवाब (22) को टक्कर मार दी। इसके बाद आगे जा रही बाइक को भी कार ने टक्कर मार दी। बाइक सवार कछौना के इमलीपुरा निवासी संजय (30) और तिलकनगर निवासी नत्थूलाल (32) की भी मौत हो गई।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना में घायल चारों लोगों को संडीला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां चिकित्सक ने बागेश, नवाब और नत्थू की हालत गंभीर बताकर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि संजय को मृत घोषित कर दिया।
संडीला कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कार पुलिस के कब्जे में है तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। संजय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पान लेने के लिए संडीला गया था संजय
संजय के चाचा सुरेश पाल ने बताया कि संजय कछौना में ही पान की दुकान चलाता था।
इसके लिए पान खरीदने गुरुवार सुबह संडीला गया था। पान लेकर वापस आते समय रास्ते में हादसा हो गया। संजय तीन भाई बहनों में दूसरे नंबर का था। परिवार में पत्नी दिव्या और मां शांती देवी है। उसके कोई संतान नहीं थी।