शाहाबाद। होली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए अभियान जारी है। शुक्रवार को अभिहित अधिकारी सतीश कुमार व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकरी एके पाठक की टीम ने कई दुकानों से कचरी, नमकीन, खोया और सरसों के तेल का सैंपल लिया।
टीम ने शाहाबाद के बेझा रोड पर स्थित योगेश व विकास राठौर की दुकान से कचरी, मोहम्मद नसीम की दुकान से नमकीन व राजेश राठौर की दुकान से रंगीन कचरी का नमूना लिया। नमूना भरे जाने की सूचना मिलने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पदाधिकारियों ने बड़े कारोबारियों को मोहलत देने व छोटे कारोबारियों के यहां कार्रवाई का आरोप लगा नाराजगी जताई। शाहाबाद के बाद टीम ने पाली में दुकानों पर छापा मारकर वहां से खोया व सरसों के तेल का नमूना लिया।
एक दुकान बंद कर चले जाने पर टीम ने दुकानदार को नोटिस जारी किया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अतुल पाठक ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर अनिरुद्ध गंगवार, अनुराधा कुशवाहा, अजीत सिंह व घनश्याम कुशवाहा आदि मौजूद रहीं।