विद्युत लाइन की मरम्मत करते बिजली कर्मी। संवाद
- फोटो : HARDOI
बावन/बेहटागोकुल। कस्बा स्थित 33 केवीए विद्युत उपकेंद्र में आने वाली इनकमिंग मेन लाइन का केबल कट गया। जगदीशपुर और तेरिया गांव के बीच एक निजी कंपनी की तरफ से कराई जा रही सड़क की खोदाई के दौरान केबल कटने ले 75 गांवों की बिजली आपूर्ति 35 घंटों से गुल है। इसके कारण करीब 50 हजार लोग प्रभावित हैं। पानी और सिंचाई का भी संकट है।
कस्बे में बने 33 केवीए पावर हाउस से बावन टाउन, मानपुर सैतियापुर और लोनार के चार फीडरों से 75 गांवों के लगभग सात हजार घरेलू उपभोक्ताओं, कॉमर्शियल और ट्यूबवेल कनेक्शन धारकों को बिजली आपूर्ति दी जाती है। रविवार शाम करीब चार बजे के आसपास जगदीशपुर और तेरिया के बीच एजा पावर हाउस से आने वाली इनकमिंग 33 केवीए की अंडर ग्राउंड लाइन का केबल बीएसएनएल की फाइबर केबल डालने के लिए कराई जा रही खोदाई में कट गया। इससे बावन पावर हाउस को मिलने वाली बिजली सप्लाई बंद हो गई। पावर हाउस से जुड़े लगभग 75 हजार उपभोक्ताओं के घरों में अंधेरा छा गया।
लोगों को पानी नहीं मिल सका। इनवर्टर और मोबाइल डिस्चार्ज हो गए। ट्यूबवेल में बिजली न पहुंचने से किसानों के खेतों में रबी की फसलों की सिंचाई नही हो पाई। केबल ठीक कराने के लिए उपखंड अधिकारी आदित्य यादव और जेई महेंद्र सिंह पालीवाल टीम के साथ मौके पर पहुंच गए हैं। केबल की मरम्मत का काम चल रहा है।
अवर अभियंता सर्वेश कुमार ने बताया तेरिया गांव के पास बीएसएनएल फाइबर केबल बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की गई है। जेसबी से खोदाई के दौरान 33केवीए की मेन केबल कट गई है। इसकी वजह से पूरे उपकेंद्र की सप्लाई ठप हो गई है। केबल मरम्मत का काम हो रहा है। जल्द बिजली आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है।
लोगों ने बताई समस्या
- 30 घंटे से अधिक समय से बिजली आपूर्ति ठप है। इससे पानी की मोटर नहीं चल सकी। बाहर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। मोबाइल और इंवर्टर भी डिस्चार्ज हो गए हैं। खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हुई है।-किसान नरेंद्र सिंह
- बिजली आपूर्ति बंद होने से काफी परेशानी हो रही है। घर में अंधेरा है। मोबाइल डिस्चार्ज होने से न तो लोगों से बात हो रही है और न ही कामकाज हो रहा है। बिजली विभाग को जल्द केबल ठीक करके आपूर्ति सुचारु करानी चाहिए।- किसान सरोज सिंह