हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत कोथावां अतरौली मार्ग पर एक ही बाइक पर सवार पांच लोगों को पीछे से आई ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य लोग बच गए।
लखनऊ जनपद के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम केहुटा निवासी माया (47) पत्नी जगन्नाथ की पुत्री सरिता की ससुराल बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बहुती के मजरा पिखनीखेड़ा में है। शनिवार को माया पुत्री की ससुराल आई थी। सोमवार सुबह माया दामाद सुरेंद्र, पुत्री सरिता, तीन वर्षीय नाती सचिन और एक वर्षीय नातिन अर्पिता के साथ एक ही बाइक से मुंडन संस्कार में शामिल होने सीतापुर जनपद के नैमिषारण्य जा रही थी। कोथावां अतरौली मार्ग पर ग्राम रावतपुर के निकट पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्राली ने उनकी बाइक मेें टक्कर मार दी।
बाइक में सबसे पीछे माया बैठी थी। टक्कर लगने से माया सिर के बल सड़क पर गिर गई और पीछे से आए ट्रैक्टर ने भी उसे रौंद दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर ट्राली रोक ली व चालक को पकड़ लिया। कल्यानमल पुलिस चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। चालक को भी हिरासत में लिया गया है। बेनीगंज कोतवाल दीपक रघुवंशी ने बताया कि ट्रैक्टर चालक का नाम जीत बहादुर पता चला है। ट्रैक्टर एक ईंट भट्ठे का है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।