हरदोई। आवास विकास कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बाइक सवार लुटेरों ने वृद्ध से 35 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। पीड़ित ने बीमार बेटे के इलाज के लिए पैसे निकाले थे।
आवास विकास कॉलोनी निवासी जितेंद्रनाथ मिश्रा का बेटा बीमार है। उन्हें बेटे की डायलिसिस करानी थी। मंगलवार दोपहर वह बैंक से 35 हजार रुपये निकालकर रिक्शे से घर जा रहे थे।
घर के पास वह रिक्शे से उतरे तो पीछे से हेलमेट लगाए बाइक सवार आ गए। उन्होंने जितेंद्र से बैग छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर कुछ लोगों ने लुटेरों का पीछा करने का प्रयास किया। लूट की वारदात पास में एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।