हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ मार्ग पर शनिवार को कार की टक्कर से बाइक पर सवार युवती की मौत हो गई। जबकि पिता घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाइक चला रहे पिता हेलमेट लगाए होने से बाल-बाल बच गए। युवती ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। सड़क पर गिरने से सिर पर आई चोट उसकी मौत की वजह बनी। पुलिस के मुताबिक युवती के परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चिंतालपुरवा गांव निवासी विमलेश (45) नाई है। बघौली के बन्नापुरवा निवासी उसके साढ़ू की भतीजी की शनिवार को शादी थी। दोपहर में विमलेश बेटी संध्या (18) के साथ बाइक से शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सुरसा थाना क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर सिंगुआमऊ गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
पिता-पुत्री दोनों सड़क पर जा गिरे। संध्या के सिर में चोट लगी। जबकि विमलेश के हेलमेट लगाए होने से पैर व कमर में चोटें आईं। हादसे के बाद चालक फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। वहां डॉक्टर ने संध्या को मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी दीपक शुक्ला ने बताया कि संध्या के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कार व चालक की तलाश की जा रही है।