हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम सरकुलर रोड पर बिलग्राम चुंगी के निकट बाइक सवार चचेरे भाइयों को पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विभूतिनगर निवासी रामजीत (18) पुत्र उमाशंकर फोन कंपनी में प्राइवेट कर्मी था। गुरुवार देर शाम वह चचेरे भाई सुमित के साथ लखनऊ चुंगी के पास स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलाने गया था। रात में वहां से वापस घर जा रहा था। बाइक सुमित चला रहा था, जबकि रामजीत पीछे बैठा था। सरकुलर रोड पर बिलग्राम चुंगी से पहले उपनिदेशक कृषि कार्यालय के पास पीछे से आई पिकअप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से रामजीत सड़क पर जा गिरा। पिकअप का पिछला पहिया उसके पेट के ऊपर से निकल गया। गंभीर हालत में राहगीरों की मदद से रामजीत को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। रास्ते में बालामऊ के निकट रामजीत की मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। घटना का पता चलने पर मृतक की मां रामेश्वरी बदहवास हो गई। बिलग्राम चुंगी पर तैनात पुलिस टीम ने पिकअप का पीछा किया। सुरसा थाना क्षेत्र में सेमरा चौराहे के निकट पिकअप को पकड़ लिया गया। शहर कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर मिलते ही पिकअप चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।