बावन। बहन से राखी बंधवाकर सोमवार देर रात अपने गांव लौट रहे युवक की बाइक शारदा नहर पुल से टकरा गई। हादसे में युवक नहर में गिर गया। बुधवार को उसका शव नहर में उल्लामऊ के निकट उतराता मिला।
लोनार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बावन पुलिस चौकी क्षेत्र में शारदा नहर पुल पर सोमवार देर रात क्षतिग्रस्त बाइक पड़ी मिली थी। पास में ही जूता भी पड़ा था। राहगीरों की सूचना पर कस्बा चौकी प्रभारी अनिल पंकज ने बाइक कब्जे में लेकर चालक की खोजबीन कराई, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बाइक सवार के नहर में गिरने की आशंका पर लोनार कोतवाल एसके सोनकर ने मेहंदीघाट से गोताखोर बुलवाकर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन सुराग नहीं लगा। बुधवार को उल्लामऊ के निकट नहर में शव उतराता मिलने की सूचना पर कोतवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के पास मिले आधार कार्ड को देखकर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
मृतक की शिनाख्त महेंद्र प्रताप सिंह (33) पुत्र विजय प्रताप निवासी रामापुर थाना पाली के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि महेंद्र दिल्ली के रजौरी इलाके में प्राइवेट नौकरी करता था। रक्षाबंधन में गांव आया था। शहर के आवास विकास कालोनी निवासी बहन सुमन के घर गया था। सोमवार रात बहन के घर से वापस गांव जा रहा था। तभी बाइक अनियंत्रित होकर नहर पुल से टकरा गई और महेंद्र नहर में जा गिरा। मृतक के परिवार में पत्नी गोमती और दो पुत्र हैं। चौकी प्रभारी अनिल पंकज ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।