संडीला (हरदोई)। साथी के साथ संडीला के ग्राम बेगमगंज स्थित ससुराल जा रहे युवक की बाइक में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाने से सिर में चोट आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई संदीप की तहरीर पर पुलिस ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के ग्राम भगवंत खेड़ा नवीपन्हा निवासी दिनेश कुमार (32) मंगलवार शाम गांव निवासी साथी छोटू (28) पुत्र गयाप्रसाद के साथ ग्राम बेगमगंज निवासी ससुर मुन्नालाल के यहां जा रहा था। मंगलवार देर शाम लखनऊ हरदोई मार्ग पर ग्राम तिलोइया के पास उसकी बाइक में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगाए होने के कारण हादसे में दिनेश कुमार और उसका साथी छोटू गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक बस छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन इससे पहले ही दिनेश की सांसें थम गईं। घायल छोटू को सीएचसी ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि दिनेश पिकअप चलाता था। उसके दो बेटियां हैं। घर से महावीर मेला देखने निकला था। पहले वह ससुराल जा रहा था। कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि रोडवेज बस को कब्जे में लिया गया है।