जनपद के डाकघर वर्ष 2016 तक और हाईटेक होंगे। इससे 37 डाकघरों से जुड़े सात लाख ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं में इजाफा किया जाएगा। मार्च तक जिले के सारे डाकघर सीबीएस कर दिए जाएंगे। इसके अलावा निकासी व जमा की सारी जानकारियां भी ग्राहकों को एसएमएस अलर्ट से दी जाएगी।
हरदोई मंडल के डाकघर अधीक्षक योगेंद्र मौर्य ने बताया कि डाकघर में एटीएम लगाए जाने का कार्य तेज कर दिया गया है। शीघ्र ही इसकी शुरूआत कर दी जाएगी। जिले का कोई भी खाताधारक देश भर के किसी भी एटीएम से धनराशि निकाल सकेगा। इसके अलावा अब तक सीबीएस हो चुके डाकखाने अपने ग्राहकों को एसएमएस सुविधा प्रदान करने लगे हैं वह भी निश्ुाल्क। उन्होंने बताया कि जनपद के 12 डाकघर इस समय सीबीएस हो चुके हैं।
इनमें प्रधान डाकघर, मुख्य डाकघर, उप डाकघर गौसगंज, हरियावां, बेंहदर, नगरीय उपडाकघर नवीपुरवा, हरदोईआरएस, हरदोई बाजार, वंशीनगर, सिविल लाइन, नई बस्ती, व्हाइटगंज सीबीएस हैं जबकि 25 शेष डाकघरों को शीघ्र ही सीबीएस कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया इन सबके सीबीएस होते ही सभी सात लाख ग्राहकों को एसएमएस की सुविधा मिलने लगेगी। उन्होंने बताया कि सीबीएस होने से पूर्व सभी प्रकार की स्कीमों के खातों के बैलेंस जमाकर्ता की पास बुकों से व बचत पत्रों से सत्यापित होना अति आवश्यक है।
उन्होंने अपने सभी ग्राहकों से जिन्होंने अब तक बैलेंस सत्यापित नहीं कराया है उनसे अपील की है कि वह अपनी अपनी पास बुकों का बैलेंस संबंधित डाकघर जाकर सत्यापित करा लें। जिससे कि डाकघर सीबीएस होने के बाद भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस संबंध में बैलेंस सत्यापित करने के लिए सभी डाकघरों को आवश्यक दिशा निर्देश पूर्व में जारी किए जा चुके हैं।