फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दृढ़ संकल्प को मंत्र बनाकर बीईओ बने पांच होनकार

विज्ञापन
सूबे में 5 वीं रैंक पाकर बीईओ बने शिक्षक धीरज अस्थाना को मिठाई खिलाते पिता व परिवारी जन। संवाद - फोटो : HARDOI
विज्ञापन
हरदोई। खंड शिक्षा अधिकारी के 309 पदों के घोषित परिणामों में यहां की भी मेधाओं ने भी परचम लहराया है। जिले के पांच शिक्षकों समेत छह का खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। यहां के धीरज अस्थाना ने प्रदेश में पांचवीं रैंक हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है। चयनित शिक्षकों का कहना है कि दृढ़ संकल्प से उन्हें कामयाबी मिली है। चयन होने पर लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं।
विज्ञापन

समीक्षा अधिकारी का पद छोड़ा, अब खंड शिक्षा अधिकारी
यदि खुद पर विश्वास हो तो व्यक्ति के लिए कोई भी लक्ष्य दूर नहीं है। यह सिद्ध कर दिया है कि शहर के खंजनपुरवा निवासी धीरज अस्थाना ने। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी की परीक्षा में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। राजस्व विभाग से सेवानिवृत्त गंगा सहाय अस्थाना के पुत्र धीरज अस्थाना बचपन से ही पढ़ने में तेज हैं।
उन्होंने हाईस्कूल में 60, इंटर में 57, स्नातक में 60, परास्नातक में 70 एवं बीएड में 68 फीसदी अंक हासिल किया था। इन दिनों वह उच्च प्राथमिक विद्यालय डही में शिक्षक के पद पर तैनात हैं। वर्ष 2014 में उनका समीक्षा अधिकारी के पद पर चयन हुआ था, लेकिन उन्होंने ज्वाइन नहीं किया और तैयारी जारी रखी। उन्होंने सफलता का श्रेय माता-पिता के अलावा भाई पंकज अस्थाना और पत्नी अंजना अस्थाना को दिया है।
विज्ञापन

मल्लावां में किसान के बेटे ने छुआ आसमान
मल्लावां। शिक्षक नवीन कुमार पटेल ने खंड शिक्षा अधिकारी की परीक्षा में 23वीं रैंक पाकर जिले का नाम रोशन किया है। विकास खंड के गांव हेरवल निवासी बधनीराम पटेल के बेटे नवीन कुमार पटेल ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के आदर्श जन कल्याण जूनियर हाईस्कूल से ली है।
गौसगंज स्थित पीबीआर इंटर कॉलेज से हाईस्कूल 75 प्रतिशत, इंटरमीडिएट में 68 प्रतिशत अंक हासिल किया था। लखनऊ विश्वविद्यालय से बीएससी व फैजाबाद विश्वविद्यालय से बीएड किया। वर्तमान में भरावन ब्लॉक के कटियार गांव के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात हैं।
उन्होंने बीईओ की परीक्षा में 23वीं रैंक प्राप्त की। माता शशि किरन बाल विकास विभाग में सुपरवाइजर के पद पर उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी में तैनात हैं।
बड़े भाई प्रवीण पटेल भरावन के कुकुरा गांव स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। पिता खेती करवाते हैं। नवीन पटेल की पत्नी प्रियंका वर्मा भी शिक्षक के पद पर तैनात हैं। वे सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ अपने बड़े भाई प्रवीण व गुरु राजबहादुर को देते हैं।
किसान के बेटे बनें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा
टोडरपुर। बेसिक शिक्षा विभाग टोडरपुर में कार्यरत शिक्षक कुंवर सिंह कमल ने खंड शिक्षा अधिकारी की परीक्षा पास जिले का नाम रोशन किया है। उन्हें 227वीं रैंक मिली है। कुंवर सिंह कमल प्राथमिक विद्यालय कुइयां में वर्ष 2019 से सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत हैं। वह मूल रूप से कानपुर नगर के निवासी हैं। उन्होंने हाईस्कूल 50, इंटर में 50, स्नातक में 54 एवं बीएड में 68 फीसदी अंक हासिल किया था। इससे पूर्व वह यूजीसी नेट परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता अमृत लाल किसान हैं।
51वीं रैंक पाकर सतीश ने किया गौरवांवित
हरदोई। पिहानी के ग्राम हर्रेया निवासी सेवानिवृत्त अमीन रामकुमार मिश्रा के पुत्र सतीश कुमार मिश्रा ने भी खंड शिक्षा अधिकारी की परीक्षा में 51वीं रैंक पाकर जिले के शिक्षा विभाग का गौरव बढ़ाया है। शिक्षक सतीश कुमार इन दिनों कंपोसिट विद्यालय चठिया पिहानी में तैनात हैं। उन्होंने हाईस्कूल में 69, इंटर में 62, स्नातक में 54.8, परास्नातक में 59 और बीएड में 74 फीसदी अंक हासिल किया था। इससे पूर्व वह राजस्व निरीक्षक की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं पर ज्वाइन नहीं किया। इसके अलावा पीसीएस मेंस परीक्षा तीन बार उत्तीर्ण कर चुके हैं।
होनहार शुभम ने भी बढ़ाया मान
हरदोई। आजाद नगर निवासी होनहार शुभम शुक्ला ने भी खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। पिता कौशल किशोर शुक्ला व माता माया देवी के पुत्र शुभम ने हाईस्कूल में 69, इंटर में 70, स्नातक में 61 फीसद अंक हासिल किए थे। वह इस समय बावन ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल काशीपुर में अध्यापक के पद पर तैनात हैं।
प्रभाकर भी बने खंड शिक्षा अधिकारी
हरदोई। आजाद नगर निवासी सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर व्यापार कर गिरीराज सिंह तोमर के पुत्र प्रभाकर सिंह तोमर ने भी खंड शिक्षा अधिकारी की परीक्षा में 251 वीं रैंक प्राप्त कर परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने बताया कि अभी वह कंप्टीशन की तैयारी ही कर रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर चयन हुआ है पर उन्हें अभी बहुत आगे जाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें