फोटो-02- रोडवेज बस स्टेशन पर खड़ी बसें। संवाद
फोटो-03- जीपीएस पर बसों की ट्रैकिंग करता कर्मचारी। संवाद
- ट्रेनों की तरह बस की भी सड़क पर मिलेगी स्थिति
- स्मार्ट फोन में एप डाउनलोड कर ली जा सकेगी लोकेशन
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिले के लोगों को अब बसों की रनिंग पोजिशन की जानकारी आसानी से लग जाएगी। परिवहन निगम ने बसों की जीपीएस से लैस कर एप पर डाटा अपलोड कर दिया है। एप के माध्यम से बसों की लोकेशन की जानकारी ली जा सकेगी। एप को स्मार्ट फोन में डाउनलोड किया जाएगा और इसके बाद यह जानकारी की जा सकेगी की बस कहां और कितनी देर में आएगी।
रोडवेज बस अड्डे पर किसी बस का इंतजार कर रहे हैं, वो कहां है और कब तक बस स्टैंड पहुंचेगी, इसके लिए अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। स्मार्ट फोन पर एक क्लिक पर अब बसों की जानकारी मिल सकेगी। परिवहन निगम ने इसके लिए एप की व्यवस्था की है। इस सुविधा के लिए यूपी मार्गदर्शी एप डाउनलोड करना होगा।
इस पर कोई बस, किस समय, कहां से मिलेगी इसके बारे में भी पता चल सकेगा। रोडवेज के यात्रियों को अभी तक बसों की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चल पाता था। जानकारी के अभाव में घंटाें बस का इंतजार करना पड़ता है। परिवहन निगम की इस एप से यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
इनसेट
निगरानी के लिए बनाया गया कंट्रोल रूम
परिक्षेत्र के अंतर्गत चलने वाली बसों की निगरानी के लिए रोडवेज बस अड्डे पर एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया। एमआईएस प्रभारी गौरी श्रीवास्तव ने बताया कि जीपीएस लगने के बाद सभी बसों को एप पर ट्रैक माय बस के माध्यम से देखा जा सकता है। इसमें बस नंबर डालने के बाद किसी भी बस की लाइव लोकेशन देख सकते हैं। ड्राइवरों की मनमानी भी लगाम लग जाएगी। अगर कोई बस रास्ते में अनावश्यक स्टाॅपेज ले रही है या ओवर स्पीडिंग कर रही है तो वह भी पता चल सकेगा।
इनसेट
गूगल प्ले स्टोर से एप डाउनलोड होगा
एप को एंड्रायड फोन पर गूगल प्ले स्टोर से यूपी मार्गदर्शी एप को डाउनलोड करना है। एप डाउनलोड होने के बाद उसकी मांगी गई जानकारी भरने के बाद बसों की जानकारी मिल सकती है, हालांकि बसोंं की लाइव लोकेशन की जानकारी करनी है तो उसके लिए साइन-अप करना होगा। एप में पैनिक बटन भी दिया है। जिसको क्लिक करने पर 112 नंबर डायल कर यूजर की लोकेशन को पुलिस विभाग तक शेयर कर सकता है।
इनसेट
ऐसे होगी लाइव ट्रैकिंग
रूट वार बसों की डिटेल मिलेगी, हरदोई से दिल्ली सर्च करने पर उस रूट की सभी बसें नंबर के साथ दिखेंगी।
कौन सी बस किस जगह पर है, यह जानकारी लोकेशन के साथ मिलेगी।
आप जिस जगह पर हैं, वहां तक पहुंचने में कितना समय लगेगा, यह भी पता चलेगा।
बस कौन सी है, एसी या नॉन एसी।
बस में कितनी सीट और कितने यात्री हैं, इसका ब्योरा दिखेगा।
बस का अगला स्टॉपेज कहां हैं, कितनी देर रूकेगी।
बस कितनी स्पीड से चल रही है, यह भी देख सकेंगे।
पीछे कितनी बसें हैं, उनकी क्या स्थिति है, इसको भी चेक किया जा सकेगा।
वर्जन
बसों में जीपीएस लगाकर उनको एप पर अपलोड किया जा चुका है, परिक्षेत्र की शत प्रतिशत बसों में जीपीएस लग गया है और उनकी लाइव ट्रैकिंग भी शुरू कर दी गई है।-एमएल केसरवानी, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम