हरदोई। शिकायत का समय से न तो निस्तारण किया और न ही सही आख्या दी, जिससे मृत्यु प्रमाण पत्र भी समय से जारी नहीं हो सका। मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने में लापरवाही पर विकास खंड हरपालपुर के सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
विकास खंड हरपालपुर के इकनौरा निवासी कुं. बहादुर सिंह ने मृत्य प्रमाण पत्र बनाए जाने की आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण की जिम्मेदारी हरपालपुर के एडीओ पंचायत रामनरेश को सौंपी गई थी। एडीओ पंचायत ने न तो समय से शिकायत निस्तारण की और न ही सही आख्या दी। जिससे शिकायतकर्ता की शिकायत भी लंबित रही और मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी नही हो पाया।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि एडीओ पंचायत की ओर से समय से समस्या का समाधान और शिकायत निस्तारण न किए जाने से सीएम डैशबोर्ड पर विभााग की प्रगति प्रभावित हुई। एडीओ पंचायत रामनरेश को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। बताया कि सभी एडीओ पंचायत से कहा गया है कि वह शिकायतों की जांच करते हुए समय से सही-सही समाधान कराते हुए आख्या पोर्टल पर फीड कराएं। लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।