हरदोई। शुक्रवार को बदली और ओले पड़ने के बाद मौसम ने यू टर्न ले लिया। मल्लावां व माधौगंज क्षेत्र में जहां हल्की बारिश के साथ ओले पड़े, वहीं शहर में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि शनिवार को भी बदली रहने की संभावना है।
कुछ दिनों से गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा था। सूरज की तपिश से तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया था। तपिश लगातार बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े पहनना छोड़ दिया था। इधर पंखे और कूलर की दुकानों पर भी खरीदारी होने लगी थी, लेकिन शुक्रवार को दोपहर बाद बदली छाने और पांच मिनट की बारिश के बाद मौसम को बदल दिया।
ठंडी हवाओं ने फिर से लोगों को गर्म कपड़े पहनने को विवश कर दिया। माधौगंज व मल्लावां क्षेत्र में करीब पांच मिनट बारिश हुई और ओले भी पड़े। शहर में दोपहर बाद बदली छाई रही और बूंदाबांदी हुई लेकिन ठंडी हवाओं ने तापमान को काफी नीचे ला दिया।
मौसम वैज्ञानिक रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री रहा, जबकि गुरुवार को अधिकतम 33 डिग्री व न्यूनतम 19 डिग्री रिकार्ड किया गया था। उन्होंने संभावना जताई कि शनिवार को भी बदली छाई रहेगी।
आम के बौर को नुकसान
माधौगंज। अचानक तेज हवा के साथ हुई ओलावृष्टि से फसलों के साथ आम के बौर को नुकसान पहुंचा।
शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे तेज हवा व बूंदाबांदी के साथ ओलावृष्टि होने लगी। किसान जयपाल, पुष्पेंद्र सिंह, रामप्रताप अवस्थी, नन्हें अवस्थी आदि का कहना है कि तेज हवा के साथ हुई ओलावृष्टि से गेहूं, चना, अरहर, सरसों की फसल प्रभावित हुई हैं। तेज हवा से गेहूं की फसल पलट सकती है वहीं आम में लगे बौर भी प्रभावित हुआ है।
ओलों ने बढ़ाई किसानों की धुकधुकी
बेमौसम शुरू हुई बारिश और ओलों की बौछार से किसानों की धड़कन तेज हो गई। शुक्रवार की दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही ओलों की बौछार आ गई जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई। किसान विजय, शिवकुमार, विनोद, श्रवण ने बताया कि गेहूं की फसल तैयार है। अधिक बारिश होने से गेहूं के अलावा फूल वाली फसलों को भी नुकसान होगा।
फोटो-22- शहर में बूंदाबांदी के बाद कुछ यूं दिखा नजारा। संवाद- फोटो : HARDOI
फोटो-23-बूंदाबांदी के बीच सिनेमा चौराहे से गुजरते वाहन सवार। संवाद- फोटो : HARDOI