हरपालपुर (हरदोई)। अरवल थाना क्षेत्र में बाइक सवार दोस्तों पर आपस में लड़ रहे सांड़ों मे से एक ने हमला बोल दिया। हमले में दोनों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने एक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हरपालपुर कस्बा निवासी युवक शिवम (26) पलिया तिराहा पर मिठाई की दुकान चलाता था। उसके दोस्त हरपालपुर कस्बा निवासी रंजीत (25) के ताऊ रमेश के पुत्र का तिलक अरवल थाना क्षेत्र के बरान गांव में सोमवार को था। शिवम और रंजीत बाइक से बरान गए थे। तिलक में शामिल होकर वापस घर जाते समय परचौली गांव के पास सड़क पर दो सांड़ लड़ रहे थे।
इस पर बाइक चला रहे शिवम ने बाइक रोक दी। इसी बीच इनमें से एक सांड़ ने शिवम और रंजीत पर हमला बोल दिया। दोनों के पेट पर सींग से वार कर दिए और कई बार उठाकर पटक दिया। घटना की जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंच गए और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर पहुंचाया।
यहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया और रंजीत की हालत गंभीर बताते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अरवल थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।