निजी क्षेत्र की दूरसंचार कंपनियों द्वारा देश के कई हिस्सों में शुरू की जा रही 4जी सेवा को टक्कर देने के लिए बीएसएनएल ने कमर कस ली है। बीएसएनएल अपने उपभोक्ताओं को हाईस्पीड इंटरनेट सेवा देने की तैयारी कर रहा है। 4जी की तर्ज पर यह इंटरनेट सेवा उपभोक्ताओं को वाईफाई के टूल हॉटस्पाट के जरिए मिलेगी। शहर के 15 स्थानों पर वाईफाई युक्त बीटीएस लगाए जाएंगे। उपभोक्ता हॉटस्पाट के जरिए कनेक्ट होकर तेज गति के इंटरनेट का मजा ले सकेंगे।
बता दें कि हरदोई शहर का दायरा करीब 3 किमी का है। एक बीटीएस 200 मीटर के क्षेत्र को वाईफाई कवर देगा। ऐसे में पंद्रह बीटीएस के जरिए पूरे शहर को नेटवर्क कवरेज में ले लिया जाएगा। शहर में सबसे पहले 2009 में 3जी शुरू करने वाले बीएसएनएल की सेवाएं अब लड़खड़ाने लगी हैं।
इधर 4जी के आगाज के बाद बीएसएनएल को अपने उपभोक्ताओं के स्विच हो जाने की चिंता सताने लगी। इन्हें रोकने के लिए बीएनएनएल मुख्यालय ने वाईफाई हॉटस्पाट और 4जी सेवाओं की प्लानिंग शुरू कर दी है। स्थानीय अफसरों के मुताबिक 4जी सेवा के लिए बीटीएस का उच्चीकरण करना पड़ेगा। इससे पहले वाईफाई हॉटस्पॉट के लिए शहर में 15 साइट चयनित कर इसका प्रस्ताव सर्किल आफिस भेज दिया गया है। जल्द ही यह सेवा मिलने लगेगी।