हरदोई। सीडीओ आकांक्षा राना ने शुक्रवार को बीएसए कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान 13 कर्मी और बीएसए वीपी सिंह अनुपस्थित मिले। सीडीओ ने देर से कार्यालय आने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी करने और अनुपस्थित कर्मियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं।
बीएसए वीपी सिंह ने कोर्ट के काम से 11 व 12 मई की छुट्टी की अनुमति प्राप्त की थी, लेकिन वह शुक्रवार को भी नहीं आए। वित्त एवं लेखाधिकारी अनिल कुमार सिंह, बीईओ सोमनाथ विश्वकर्मा, कनिष्ठ सहायक पवन कुमार निरीक्षण के समय उपस्थित नहीं मिले। लेखाकार पिछले तीन दिनों से अनुपस्थित बताए गए। 11, 12 व 13 मई को उनके हस्ताक्षर भी नहीं मिले।
लेखाकार सतीश चंद्र गुप्ता 10:25 पर कार्यालय आए। कनिष्ठ लेखा लिपिक देवेंद्र मोहन अनुपस्थित रहे, कनिष्ठ लिपिक दीपेंद्र कुमार सिंह देर से कार्यालय आए। समेकित शिक्षा की जिला समन्वयक आशा वर्मा 12 व 13 मई को अनुपस्थित रहीं। अवर अभियंता बृजभूषण लाल मिश्र, कनिष्ठ लिपिक शिव कुमार सिंह भी अनुपस्थित मिले। कनिष्ठ सहायक अनुपम मिश्र व कंप्यूटर ऑपरेटर विमल कुमार शुक्ला देर से कार्यालय आए। अनुचर रिंकू कश्यप 12 व 13 मई को अनुपस्थित रहे। बीएसए कार्यालय में गैलरी में गंदा पानी फैला मिला।
डीएम ने दी चेतावनी
बीएसए कार्यालय में सीडीओ के निरीक्षण में मिलीं अनियमितताओं के लिए डीएम अविनाश कुमार ने बीएसए वीपी सिंह को कठोर चेतावनी जारी की है। चेतावनी की प्रति बीएसए की सेवा पुस्तिका में चस्पा करवाने के लिए सर्व शिक्षा अभियान के महानिदेशक को भेजी गई है।