सुरसा थाना क्षेत्र में खेत में लटक रहे बिजली के तार
की चपेट में आकर देवर-भाभी झुलस गए। उनको जिला अस्पताल लाया गया। जहां पर
हालत गंभीर होने पर उनको लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना से
आक्रोशित लोगों ने लखनऊ-हरदोई मार्ग जाम कर दिया। इससे कई वाहन जाम में
फंसे रहे।
एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सुरसा थाना
क्षेत्र के ग्राम सिधुआमऊ निवासी परमाई (45) पुत्र साधु और उनकी भाभी राम
कुमारी (45) पत्नी राम प्रकाश मंगलवार की सुबह खेत पर काम करने जा रहे थे।
गांव के बाहर खेत से निकली बिजली लाइन का एक तार टूट कर लटक रहा था।
वह लोग
वहां से गुजरे तो राम कुमारी उसकी चपेट में आकर चिपक गई। इस पर परमाई उसे
बचाने गए, तो वह भी उसकी चपेट में आ गए। दोनों को अन्य लोगों ने देखा तो
किसी तरह उनको बचाया। घटना से आक्रोशित होने पर ग्रामीण सड़क पर उतर आए और
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे और
हरदोई-लखनऊ मार्ग को जाम कर दिया।
सड़क जाम की जानकारी होने पर एसओ सुरसा
श्याम बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके अलावा आसपास के
थानों की भी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों का कहना था कि करीब तीन माह
से यह तार लटक रहे हैं। इसके संबंध में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों
को सूचना दी गई, पर इसे ठीक नहीं किया गया।
इससे पूर्व भी कई ग्रामीण इसकी
चपेट में आ चुके। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी बीसी दुबे ने एसओ के
माध्यम से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया और बिजली अधिकारियों से वार्ता कर
उनको आर्थिक सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया। जिस पर करीब दो घंटे बाद जाम
खुला।
घायलों को पुलिस जिला अस्पताल लाई। जहां पर हालत गंभीर होने पर दोनों
को लखनऊ रेफर कर दिया गया। एएसपी बीसी दुबे जिला अस्पताल पहुंचे और दोनों
को लखनऊ भिजवाने की व्यवस्था कराई।