सांडी। बीते 16 अगस्त को जगदीशपुर मार्ग पर बाइकों की टक्कर में घायल हुए साले-बहनोई की उपचार के दौरान मंगलवार को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजन में कोहराम मच गया।
हसनापुर निवासी संजय कुमार (40) बीते 16 अगस्त की शाम अपने साले आदमपुर निवासी जगतराम (38) और संजीव (42) के साथ सांडी बाजार गए थे। वहां से वापस गांव जाते समय सांडी-जगदीशपुर मार्ग पर बबुरिया बाबा के स्थान के पास सामने से आ रही बाइक से संजय की बाइक टकरा गई थी। घटना में संजय, जगतराम, संजीव के साथ ही दूसरी बाइक पर सवार अखबेलपुर निवासी आदित्य (22) प्रशांत (26) और आकाश (25) भी घायल हो गए थे।
सभी छह घायलों को सीएचसी सांडी में भर्ती कराया गया था। यहां से जगतराम, संजय और संजीव को मेडिकल कॉलेज हरदोई और फिर लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया था। ट्रॉमा सेंटर में मंगलवार सुबह संजय कुमार और जगतराम की मौत हो गई। सांडी के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज कुशवाहा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम लखनऊ में ही हुआ है। परिजन से शिकायत लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
नहीं लगाए थे हेलमेट, सिर में चोटों से मौत
अगर यातायात नियमों का पालन बाइक सवारों ने कर लिया होता तो शायद इनकी जान नहीं जाती। एक ही बाइक पर तीन युवक सवार थे। तीन में से एक ने भी हेलमेट नहीं पहना था। हादसे में संजय और जगतराम के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। यही चोटें जानलेवा साबित हुईं। अगर यह लोग हेलमेट लगाए होते तो शायद सिर में चोटें न आतीं और दोनों को जान से हाथ धोना न पड़ता। संजय के परिवार में पत्नी मंजू, दो पुत्र और एक पुत्री है जबकि जगतराम के परिवार में पत्नी राज कुमारी, चार बेटे और एक बेटी है।
फोटो-