हरदोई में एसपी अनुराग वत्स ने सोमवार को मल्लावां के कोतवाल बृजेश सिंह को कोतवाली परिसर में अमर्यादित आचरण के आरोप में निलंबित कर दिया। मामले की विस्तृत जांच अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी को सौंपी गई है। उनके स्थान पर शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह को मल्लावां का कोतवाल बनाया गया है।
रविवार को ही एसपी अनुराग वत्स ने 17 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों की तैनाती में फेरबदल किया था। एक प्रभारी निरीक्षक समेत तीन लोगों को लाइन हाजिर कर दिया था। इसके बाद सोमवार दोपहर एसपी अनुराग वत्स ने मल्लावां कोतवाल बृजेश सिंह को निलंबित किए जाने का फरमान जारी कर दिया।
एसपी ने बताया कि बृजेश सिंह के कोतवाली परिसर में ड्यूटी के दौरान अमर्यादित आचरण की शिकायत मिल रही थी। इसकी प्राथमिक जांच सीओ से कराई गई, तो शिकायत सही मिली। इस पर बृजेश सिंह को निलंबित किया गया है।