हरदोई। लॉकडाउन के दौरान लोगों को परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने विशेष योजना तैयार की है। संबंधित क्षेत्र के कोटेदारों को चिह्नित कर उनके नाम व मोबाइल नंबरों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। डीएम के निर्देशों के अनुसार दुकानों पर भीड़ न लगे इसके लिए कार्डधारक अपने क्षेत्र के चिह्नित कोटेदार के मोबाइल नंबर पर कॉल कर सुबह सात से नौ बजे तक राशन के लिए बुकिंग करा सकते हैं। एक अप्रैल से ये व्यवस्था शुरू हो जाएगी।
फोन करने के दौरान ही कोटेदार उन्हें दुकान पर आने का संभावित समय बताएगा। जिसके बाद कार्डधारकों निर्धारित समय पर दुकान पर जाकर राशन लेना होगा। साथ ही कोटेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि एक दिन में एक दुकान से अधिकतम 60 से 65 कार्डधारकों को ही राशन दिया जाएगा। डीएम ने सभी दुकानदारों को कॉल व वितरण का रजिस्टर बनाने व सभी नगर निकायों के ईओ को इसका प्रचार कराने के निर्देश दिए हैं।