हरदोई। लोनार कोतवाली क्षेत्र में न्योरादेव-सकरा मार्ग पर शनिवार शाम खेत की सिंचाई के दौरान सड़क किनारे आराम को बैठे किसान को बोलेरो ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के सकरा गांव निवासी भोज बहादुर यादव (45) पुत्र राम बहादुर किसान था। उसके परिवार में पत्नी, दो बेटी व एक बेटा है। शनिवार शाम भोज बहादुर धान की रोपाई करने के लिए खेत में पानी भर रहा था। वह न्योरादेव-सकरा मार्ग पर आराम करने के लिए बैठ गया। इसी दौरान तेज गति से आ रही बोलेरो ने उसे रौंद दिया।
हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाल राजेश कुमार राय ने बताया कि चालक के शराब के नशे में होने से हादसा हुआ है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।