माधौगंज। बिल्हौर-कटरा हाईवे पर रविवार सुबह तेरवा गांव के पास सांड़ को बचाने में अनियंत्रित हुई बोलेरो ने दुकानदार को कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने बोलेरो चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
माधौगंज थाना क्षेत्र के तेरवा निवासी रामचंद्र (46) पुत्र खेम्मा की गांव के बाहर गुमटी में परचून की दुकान थी। उसके पास करीब 10 बिस्वा जमीन है। खेती और गुमटी की दुकान से उसका, उसकी पत्नी राजेश्वरी और बच्चों कुलदीप (13), रामरानी (10), सोनम (08), अर्जुन (06) और ओमकार (02) का भरण पोषण होता था। रविवार सुबह करीब सात बजे वह गुमटी के पास बैठकर राजेश, और विजय पाल से बात कर रहा था। तभी मल्लावां की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो सड़क पार कर रहे सांड़ को बचाने में अनियंत्रित हो गई और रामचंद्र को टक्कर मारते हुए गुमटी से टकरा गई।
बोलेरो की चपेट में आया रामचंद्र करीब पचास मीटर तक घिसटता चला गया। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद बोलेरो चालक भागने लगा तो राजेश और विजय पाल ने दौड़कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस, एसडीएम ओपी गुप्ता, सीओ लेखराज सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल विनोद सिंह ने बताया कि बोलेरो चालक मनोज कुमार पांडेय मल्लावां थाना क्षेत्र के शुक्लापुर गांव का रहने वाला है। मृतक के पुत्र कुलदीप की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कैसे चलेगा परिवार
गरीब रामचंद्र पांच बिस्वा जमीन और परचून की दुकान से परिवार का पालन पोषण करता था। हादसे में रामचंद्र की मौत के साथ गुमटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इससे भरण पोषण का सहारा भी छिन गया है। बच्चों को पालने की जिम्मेदारी मां राजेश्वरी पर आ गई है।
परिजनों को मिलेगा पांच लाख
एसडीएम ओपी गुप्ता ने बताया कि रामचंद्र के नाम करीब 10 बिस्वा जमीन है। उसकी पत्नी को किसान दुर्घटना बीमा योजना से पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।