टड़ियावां। थाना क्षेत्र के गुरसंडा के बरगदिया गांव में घर से तीन दिन पहले निकले युवक का शव बोरिंग के गड्ढे में भरे पानी में उतराता मिला। घर से युवक के निकलने के बाद खोजबीन में लगे परिजनों को गांव वालों ने शव मिलने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहरम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के बरगदिया गांव निवासी जाहिद रहीम (38) मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता था। मां हसीना ने बताया कि जाहिद दो भाईयों में बड़ा था। वह थोड़ा मानसिक रूप से कमजोर और मिर्गी के दौरा आने से पीड़ित था। बताया कि उसकी दो शादियां हुईं थीं, लेकिन दोनों पत्नियां उसे आठ साल पहले छोड़ कर चली गईं थी। छोटे भाई मुमताज के मुताबिक, मंगलवार की सुबह जाहिद मजदूरी करने के लिए घर से निकला था लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा। देर तक घर ने आने पर मां उसे गांव और आसपास क्षेत्र में ढूंढ रही थी, वह भी दिल्ली से आने के बाद भाई जाहिद को ढूंढ रहा था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने जाहिद का शव गांव के उत्तर में राम मूर्ति के खेत में खुदे बोरिंग के गड्ढे में भरे पानी में उतराता मिला। गांव वालों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जाहिद के शव की पहचान की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई मुमताज ने बताया कि आशंका है कि रास्ते से गुजरते समय उसे अचानक मिर्गी का दौरा आने से वह खुले बोरबेल में जा गिरा। प्रभारी निरीक्षक इख्तियार हुसैन नें बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।