शाहाबाद। कोतवाली क्षेत्र के नगला भगवान गांव में शुक्रवार सुबह तालाब में एक युवती का शव उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजन ने शव को पहचाना और पुलिस को सूचित किया। युवती बृहस्पतिवार दोपहर से घर से लापता थी।
नगला भगवान गांव निवासी सुरेश कुमार खेती करते हैं। सुलोचना (20) नौ भाई-बहनों में छठे नंबर पर थी। पिता ने बताया कि सुलोचना ने कक्षा आठ तक पढ़ाई की। इसके बाद से मानसिक रूप से बीमार रहने लगी। बृहस्पतिवार दोपहर को वह अचानक बिना किसी को बताए घर से निकल गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला। उन्होंने कोतवाली में गुमशुदगी भी दर्ज कराई। बताया कि शुक्रवार सुबह गांव की पूर्व दिशा स्थित तालाब के पास शौच के लिए गए ग्रामीणों ने पानी में शव उतराता देखा। किनारे पर उसकी चप्पलें पड़ी थीं।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजन को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल अरविंद कुमार राय ने बताया कि युवती के तालाब में डूबने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बेटी की मौत से परिवार में मातम पसरा है। मां रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है।