नगर पालिका बोर्ड की बैठक में शुक्रवार को संविदा
सफाई कर्मियों की संविदा धनराशि पुनरीक्षित करने समेत सभी प्रस्तावों को
सभासदों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।
चेयरमैन शैलेश अग्निहोत्री की
अध्यक्षता में पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक पूर्वाह्न पौने ग्यारह बजे
शुरू हुई। कोरम पूरा होने के बाद कार्रवाई शुरू होने पर पहला प्रस्ताव
संविदा सफाई कर्मियों की संविदा धनराशि पुनरीक्षित करने की मंजूरी के संबंध
में रखा गया, जिसे सभासदों ने ध्वनिमत से पारित कर दिया।
इसके बाद मार्च
2015 का 1.90 करोड़ की आय के सापेक्ष 1.51 करोड़ रुपये के व्यय का प्रस्ताव
पेश किया गया, जिसे भी सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इसके अलावा
विज्ञापन पर कर निर्धारण व वसूली के संबंध में उपविधि की मंजूरी के संबंध
में रखा गया प्रस्ताव सभासदों ने इस शर्त पर पारित किया कि जो भी नियम लागू
किया जाए, उसे उनके अवलोकन करने के बाद ही लागू किया जाए।
वहीं
नामांतरण फार्म 250 रुपये और उस पर जुर्माना 500 रुपये से ज्यादा न लगाने,
इमलियाबाग, पुलिस चौकी, बस स्टैंड पर प्याऊ लगाने को स्वीकृति, रोड कटिंग
आदि के जुर्माने की धनराशि व नल लगाने का कार्य नगर पालिका के पंजीकृत
प्लंबर द्वारा करने आदि के प्रस्ताव पारित किए गए।
इसके अलावा दूध मंडी
सड़क की बजाय कहीं अलग लगाने के प्रस्ताव पर सदस्यों ने कहा कि पहले दूध
मंडी के लिए जगह मुहैया कराई जाए, फिर उसे हटाया जाए। इसके अलावा प्रत्येक
वार्ड में सभासद की सहमति से दो-दो हैंडपंप लगाने की बात पर भी सहमति बनी।
सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव पर अध्यक्ष ने प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह यादव समेत सभासद आदि मौजूद थे।