माधौगंज। सेउठई गांव के मजरा देविनपुर के काली शंकर के छप्पर में सोमवार शाम आग लग गई। इस दौरान तेज आंधी चलने से आग ने विकराल रूप ले लिया। जब तक ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक 13 घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची।
देविनपुर के कालीशंकर के घर के बाहर छप्पर रखा है। सोमवार शाम छप्पर में आग लग गई। आस-पड़ोस के लोग आग पर काबू करने में जुट गए। इसी बीच तेज आंधी आ गई। इससे आग भड़क गई। एक के बाद एक आग ने आसपास के 13 घरों तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने घर में मौजूद लोगों को आनन- फानन में बाहर निकाला।
ग्रामीण आग बुझाने में लगे थे, तभी बारिश शुरू हो गई। इससे आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन इस अग्निकांड में प्रेम शंकर,रमेश, राम शंकर, मिंटू, सत्यनारायण, शिव कुमार व राम सुभग समेत 13 लोगों की गृहस्थी राख हो गई। देर शाम तक न ही गांव फायर ब्रिगेड पहुंची और न ही राजस्वकर्मी ही पहुंचे। इससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।