हरदोई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जल्द ही प्रदेश की चयनित चार प्रमुख ब्लड बैंकों सहित जिले की ब्लड बैंक को भी सम्मानित करेंगे। स्टेट लेवल अधिकारियों से सूचना मिलने के बाद से ही जिले के स्वास्थ्य महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई है। शासन से यह सम्मान बेहतर कार्य करने वाली ब्लड बैंकों को दिया जा रहा है।
वर्ष 2014 के पूर्व जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक को जिला स्तरीय ब्लड बैंक का ही दर्जा प्राप्त था। वर्ष 2014 के बाद जिले की ब्लड बैंक को उच्चीकृत कर उसे मेजर ब्लड बैंक का दर्जा प्रदान कर दिया गया था। ब्लड बैंक का प्रति वर्ष लक्ष्य भी बढ़ा दिया गया। ऐसे ही उत्कृष्ट कार्यों को करने वाली जिले की ब्लड बैंक सहित प्रदेश की पांच ब्लड बैंकों को चयनित किया गया है जिन्हें शीघ्र ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सम्मानित करेंगे।
इस संबंध में स्टेट लेबल अधिकारियों ने ब्लड बैंक को जानकारी दे दी है। लैब टेक्नीशियन मो. अकील खान ने बताया कि जिले की ब्लड बैंक को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे इससे बेहतर उपलब्धि कुछ और नहीं हो सकती। पुरस्कृत करने का कार्यक्रम 14 जून को ही प्रस्तावित था लेकिन उनकी व्यस्तता के चलते इस कार्यक्रम को थोड़ा आगे ले जाया गया है। अगली तिथि अभी तय नहीं हो पाई है।
नीदरलैंड की अत्याधुनिक मशीनें दे रहीं मरीजों को लाभ
नीदरलैंड की अत्याधुनिक मशीनों से एक घंटे में मरीजों की विभिन्न जांचे कर लोगों को काफी राहत पहुंचा रही हैं। पैथालाजी में नीदरलैंड से आई वायोकमेस्ट्री फुली आटो मैटिक एनेलाइजर से एक घंटे में 300 मरीजों का परीक्षण किया जा सकता है। इस मशीन में एक बार में 80 सैंपल लगाए जा सकते हैं। मशीन में आटो कूलिंग की व्यवस्था होने से मशीन में सैंपल लगाने के उपरांत उसे काफी समय तक रखा जा सकेगा। इससे शत प्रतिशत सही रिपोर्ट प्राप्त हो रही है।
यूएसए का सेल काउंटर कर रहा हिमैटोलाजी की जांच
पैथालाजी सेक्सन में यूएसए से आया सेल काउंटर स्थापित किया जा रहा है। इससे हिमैटालाजी की जांच की जाएगी। इससे मरीज का हीमोग्लोबिन, प्लेटलेट्स, एचटी, पीएलडी आदि की जांच अत्याधुनिक तरीके से होगी। जिसकी परीक्षण रिपोर्ट शत प्रतिशत होगी।
यह हो रही पैथालाजी में जांच
हीमोग्लोबिन, यूरिन फार एल्ब्यूमिन एंड शुगर, ब्लीडिंग टाइम, ईएसआर, टीएलसी, डीएलसी, पैक्ड सेल वाल्यूम, ब्लड शुगर वन सैंपल, स्टूल एग्जाम कंपलीट, प्लेटलेट काउंट, ब्लड यूरिया, सीमेन एग्जामिनेशन, विडाल टेस्ट सहित कई जांचे की जाती हैं।
वर्जन
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. आरके मिश्रा का कहना है कि जिले के स्वास्थ्य महकमे के लिए बड़ी बात है। मुख्यमंत्री से सम्मानित होने की सूचना प्राप्त होते ही समस्त स्वास्थ्यकर्मियाें का मनोबल बढ़ा है।
राज्य रक्त संचरण परिषद, लखनऊ के रक्त सुरक्षा अधिकारी माधोश्याम त्रिपाठी ने पुष्टि करते हुए बताया कि पांच ब्लड बैंकों में जिला हरदोई शामिल है। जल्द आयोजन कराकर सीएम से ब्लड बैंकों को सम्मानित कराया जाएगा।