हरदोई। लखनऊ मंडल के बी-व्यास नगर से काशी रेलखंड पर स्वचालित सिग्नल प्रणाली लगाई जाएगी। सिग्नल प्रणाली पर कार्य के चलते बृहस्पतिवार को लखनऊ-वाराणसी रेडखंड पर ब्लॉक लिया गया है। ऐसे में रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें हरदोई में रुकने वाली दो ट्रेन भी मार्ग में नियंत्रित कर संचालित की जाएंगी। इससे ट्रेन में लेट लतीफी दर्ज की जा सकती है।
आधुनिक स्वचलित सिग्नल प्रणाली के माध्यम से ट्रेनों का संचालन सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए ही लखनऊ-वाराणसी रेलखंड को स्वचलित सिग्नल प्रणाली से लैस किया जा रहा है। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि तकनीकी कार्य के लिए बृहस्पतिवार 26 फरवरी को ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक के कारण 25 फरवरी को चलने वाली गाड़ी संख्या 13010 योगनगरी ऋषिकेश-दून एक्सप्रेस को मार्ग में 180 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 13006 अमृतसर-हावड़ा मेल अपने निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से चलेगी। बताया कि स्वचालित सिग्नल व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रेनों की आवाजाही बेहतर होगी। कार्य से रेलखंड की क्षमता बढ़ाने और सुरक्षा मानकों को भी मजबूत किया जाएगा।