हरदोई। सुरसा थाना क्षेत्र के मलिहामऊ निवासी धनंजय मिश्रा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हैं। उनके भाई संजय मिश्रा और पिता हरिशंकर मिश्रा भी सुरसा के ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उक्त दोनों लोगों की अलग-अलग घटनाओं में गोली मारकर हत्या की जा चुकी है।
इसके चलते धनंजय और परिवार को भी सुरक्षा मिली हुई है। आवास पर भी गारद रहती है। कुल सात पुलिस कर्मियों के अलावा धनंजय निजी सुरक्षा कर्मी भी रखते हैं। धनंजय मिश्रा का दावा है कि मंगलवार रात लगभग एक बजे उनके मकान में चार लोग घुस आए। तमंचे के बल पर 14 साल के बेटे सार्थक को धमकाकर नकदी-जेवर के बारे में जानकारी ली।
सार्थक ने डरकर सब बता दिया तो बदमाशों ने मकान से चार लाख के नकदी-जेवर चोरी कर लिए। इसके बाद सार्थक को छोड़कर भाग गए।
धनंजय के कमरे में बाहर से कुंडी लगा दी। 15 मिनट बाद सार्थक ने पिता के कमरे की कुंडी खोलकर पूरी जानकारी दी। धनंजय का दावा है कि उन्होंने गारद में शामिल कर्मियों, निजी सुरक्षा कर्मियों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। मलिहामऊ इंटर कॉलेज के पास चार संदिग्ध दिखे। इन्हें बुलाने पर इन लोगों ने फायरिंग कर दी। साथ मौजूद कर्मियों ने दो फायर किए इसके बाद आरोपी भाग गए। रात में ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने घटनास्थल का जायजा लिया। अपर पुलिस अधीक्षक बोले, तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। चोरी के अलावा भी कुछ अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
धनंजय मिश्रा के आवासीय परिसर में सात पुलिस कर्मी और कुछ निजी सुरक्षा कर्मी तैनात रहते हैं। इसके बावजूद इस तरह की वारदात होना पुलिस कर्मियों की सक्रियता पर भी सवाल खड़ा कर रही है। विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है।