मल्लावां। बीते सोमवार को मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के राघौपुर मटियामऊ मार्ग पर हत्या कर शव फेंके जाने की घटना का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। रुपये दिए जाने के बाद भी चोरी की साइकिल न दिए जाने पर हत्या की गई थी। सीसीटीवी फुटेज और मौके पर मिली चप्पलों के जरिए पुलिस हत्यारोपी तक पहुंच गई, उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
बघौली थाना क्षेत्र के भेलावां निवासी भइयालाल अपने चचेरे भाई मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बलेहरा गांव निवासी पुत्तीलाल के घर सोमवार को गया था। सुनासीरनाथ मंदिर मेंं लगे मेले में जाने के बाद वापस घर गया था और फिर बिना कुछ बताए चला गया। शाम को उसका शव राघौपुर मटियामऊ मार्ग पर सड़क किनारे मिला था। उसका गला गमछे से कसा हुआ था। प्राथमिक जांच में गला कसकर हत्या किए जाने की बात सामने आई थी।
घटना का खुलासा करने के लिए टीम अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र के नेतृत्व में काम कर रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मृतक के खिलाफ बघौली थाने में साइकिल चोरी के दो मुकदमें दर्ज थे। सोमवार को भी उसने राघौपुर के पास एक विद्यालय के बाहर से छात्रा की साइकिल चोरी की थी। यही साइकिल उसने बलेहरा के धानीखेड़ा निवासी बबलू को 1,200 रुपये में बेची थी। बबलू ने 300 रुपये मौके पर ही दे दिए थे और बाकी रुपये बाद में देने को कहे थे। 300 रुपये से दोनाें ने शराब पी और इसी दौरान बकाया रुपयों को लेकर विवाद हो गया।
इसी बीच बबलू ने भइयालाल के गले में पड़े गमछे से ही उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। मौके पर बबलू की चप्पलें छूट गई थीं। इसके अलावा पुलिस ने कई सीसी कैमरों के फुटेज देखे और फिर बबलू की चप्पलों की पहचान कराई। इसी के जरिए पूरा मामला खुल गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक के भतीजे अमन कुमार की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी। बबलू को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।