हरदोई। रेल पटरियों के अनुरक्षण और सुधार कार्य के लिए मुरादाबाद मंडल की तरफ से बरेली-शाहजहांपुर रूट पर चार दिनों के लिए चार घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान गुजरने वाली ट्रेनें देरी से संचालित की जाएंगी। इनमें हरदोई स्टेशन पर रुकने वाली तीन ट्रेनें भी शामिल हैं। ऐसे में संबंधित ट्रेनाें के स्टेशन पर चार घंटे की देरी से चलने की संभावना है।
मुरादाबाद मंडल की तरफ से बरेली-शाहजहांपुर रेलखंड के बंथरा, तिलहर और मीरानपुर कटरा स्टेशनों पर ट्रैक अनुरक्षण कार्य किया जाना है। इस वजह से 12 से 15 जून के बीच विभिन्न तिथियों पर ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि कार्य के चलते इस रूट से गुजरने वाली कई रेलगाड़ियों के संचालन और समय में अस्थायी परिवर्तन किया गया है। ब्लॉक के कारण ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशनों से 240 मिनट (चार घंटे) की देरी से रवाना होंगी।
इनमें हरदोई में रुकने वाली ट्रेन 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस 12 और 15 जून को टनकपुर से देरी से चलेगी जबकि ट्रेन 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस 13 जून को देरी से चलेगी। ट्रेन 13152 जम्मूतवी-कोलकाता एक्सप्रेस 11, 12 और 14 जून को जम्मूतवी से देरी से चलेगी और ट्रेन 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस 11, 12 और 14 जून को लालगढ़ से चार घंटे की देरी से चलेगी।