किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू पदाधिकारियों ने
शुक्रवार को तहसील पर प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड चौराहे तक नारेबाजी कर
जुलूस निकाला और दस सूत्री मांगों का ज्ञापन एसडीएम प्रेमप्रकाश तिवारी को
दिया, जिसमें किसानों को तत्काल मुआवजा देने की मांग उठाई गई।
भाकियू के
जिलाध्यक्ष राजबहादुर सिंह यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने मुआवजा
संबंधी चेकों का वितरण शीघ्र कराने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि किसानों
को गुमराह किया जा रहा है। कहा कि शासन से मांग करने के बावजूद भी तालाबों
में पानी नहीं भरवाया गया।
अवैध रूप से तालाबों पर दबंगों के कब्जों को
हटवाकर तालाबों में पानी भरवाया जाए। आरोप लगाया कि सफाई कर्मी भी गांवों
में कार्य करने नहीं आते। आरोप लगाया कि पुसेड़ा के कोटेदार द्वारा मिट्टी
का तेल 20 रुपये लीटर और गेहूं, चावल निर्धारित मात्रा से कम दिया जा रहा
है।
मांग की कि हरदोई से बिलग्राम तथा कटरा बिल्हौर हाईवे के दोनों तरफ
कच्ची मिट्टी की पटरी बनवाई जाए, जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इसके
अलावा चौराहे से बाजार तक के अतिक्रमण को हटवाया जाए। जीजीआईसी का निर्माण
कार्य बहुत खराब चल रहा है, जिसमें घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा
है।
इस मामले की जांच कराकर सही सामग्री इस्तेमाल करने की मांग की गई। आरोप
लगाया कि बेहटा बुजुर्ग लोहिया समग्र गांव में चयनित होने के बावजूद
शौचालयों का निर्माण घटिया ईंटाें और बालू से कराया जा रहा है, इसका
निरीक्षण करते हुए उचित कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर हरी बाबू द्विवेदी,
सुरेश चंद्र अवस्थी, शिवरतन द्विवेदी, शिवकुमार बाजपेई, सोबरन लाल,
शिवप्रसाद, राधेश्याम, राजेंद्र प्रसाद, अनंग पाल, रावेंद्र, वेदपाल,
ओमनाथ, राजाराम समले आदि मौजूद थे।