भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारियों और
किसानों ने सोमवार को कलक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया तथा
जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान
कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकियू अराजनैतिक के
मंडल अध्यक्ष रावेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत पुरवा
हफीजुद्दीनपुर हरियावां में किसानों को अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि कई किसान दोबारा फसल बोने की स्थिति में नहीं हैं।
यही
नहीं कई किसानों ने बैंकों से ऋण लिया वह भी चुकाने की दशा में नहीं है।
मंडल अध्यक्ष ने कहा कि ग्राम पंचायत के अधिकांश नल खराब पड़े हैं, जिनका
बनना अति आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि समाजवादी पेंशन गरीबों को दिलाई
जाए। साथ ही उन परिवारों को चिह्नित किया जाए और जो महिलाएं मजदूरी करती
हैं, उन्हें प्राथमिकता से पेंशन दिलाई जाए।
इसके अलावा गरीब महिलाओं
की रुकी हुई विधवा पेंशन पुन: चालू कराई जाए। इसके अलावा नाले की टूटी
पुलिया बनवाई जाए। उन्होंने राशन कार्ड से वंचित रह गए निर्धन परिवारों को
राशन कार्ड उपलब्ध कराए जाने की भी वकालत की। इस दौरान किसानों और
पदाधिकारियों ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी रमेश
मिश्र को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई कराए जाने की मांग की।