बेमौसम बारिश के बाद पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने
की मांग समेत कई किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान मजदूर यूनियन
राष्ट्रवादी के पदाधिकारियों और किसानों ने शनिवार को कलक्ट्रेट में
प्रदर्शन कर धरना दिया और डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
कलक्ट्रेट
परिसर में धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजकरन सिंह यादव ने कहा
कि जनपद में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, सरसों और मटर आदि की फसल
का भारी नुकसान हुआ है, लेकिन अभी तक शत प्रतिशत ग्राम पंचायतों के किसानों
को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ब्लाक कोथावां के ग्राम पंचायत पिपरी के
मजरा अमरगंज में बलवीर सिंह के घर के बाहर जल निगम का रिबोर होना है, पर
अब तक नहीं हो सका, जिसको अतिशीघ्र करवाया जाए। उन्होंने ब्लाक पिहानी की
ग्राम पंचायत रसूलपुर में नलकूप का ट्यूबवेल सही कराने एवं माइनर में पानी
छोड़ने की भी मांग की।
इस दौरान पदाधिकारियों और किसानों ने प्रदर्शन किया
तथा जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर इन मांगों पर अमल कर कार्रवाई
की मांग की। दिए गए ज्ञापन में उक्त के अलावा सूखे की स्थिति को देखते
हुए सभी ग्राम पंचायतों के तालाबों में पानी भरवाने की व्यवस्था ग्राम
पंचायतों से करवाए जाने की मांग भी शामिल है।
इस मौके पर दुर्गा सिंह,
मुंशीलाल दीक्षित, कृष्ण कुमार, शिवपाल, शिवनाथ सक्सेना, रामकिशन, रामचंद्र
यादव, रामशंकर, सुशील कुमार, रामसेवक वर्मा और सुंदर लाल आदि मौजूद थे।