हरदोई। सांडी के भाजपा विधायक और अहिरोरी ब्लाक प्रमुख की फोटो वाली होर्डिंग्स को शरारतीतत्वों ने फाड़ दिया। मामला संज्ञान में आने पर विधायक ने एसपी से पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है। एसपी ने एएसपी पश्चिमी को जांच सौंपी है।
सांडी के भाजपा विधायक प्रभाष कुमार और अहिरोरी के ब्लाक प्रमुख शिवरतनलाल की फोटो वाली होर्डिंग्स अहिरोरी ब्लाक मुख्यालय के आसपास अलग-अलग स्थानों पर लगीं थीं। इन होर्डिंग्स में आषाढ़ी मेला को लेकर क्षेत्रवासियों के स्वागत का उल्लेख होने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर भी लगी थी। रातों-रात कुछ अराजकतत्वों ने माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से इन होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचा दिया। अलग-अलग स्थानों पर लगीं पांच होर्डिंग्स को फाड़ दिया गया।
इसकी जानकारी क्षेत्रीय लोगों ने विधायक प्रभाष कुमार को दी तो उन्होंने एसपी आलोक प्रियदर्शी को अवगत कराया। एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी त्रिगुण विसेन को मौके पर जांच के लिए भेज दिया। उन्होंने कार्रवाई की बात कही है।
फाड़ी गई सभी होर्डिंग्स में खास बात यह है कि विधायक प्रभाष कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया है। ब्लाक प्रमुख शिवरतनलाल वाले हिस्से को ही नुकसान पहुंचाया गया है। ऐसे में पुलिस भी मान रही है कि जिस किसी ने भी इस घटना को अंजाम दिया है, उसकी खुन्नस ब्लाक प्रमुख शिवरतनलाल से ही है।
वर्ष 2015 में हुए पंचायत चुनाव में सांडी की तत्कालीन विधायक सपा की राजेश्वरी के पुत्र आकाश वर्मा निर्विरोध ब्लाक प्रमुख चुने गए थे। वर्ष 2017 में सूबे में सत्ता परिवर्तन होने के बाद अविश्वास की आहट पर आकाश ने पद से इस्तीफा दे दिया था। 2018 में हुए उपचुनाव में भाजपा ने शिवरतनलाल को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था। वह चुनाव में जीतकर ब्लाक प्रमुख चुने गए थे।
विधायक प्रभाष कुमार ने कहा कि ब्लाक प्रमुख भी जनप्रतिनिधि होता है। होर्डिंग्स को नुकसान पहुंचाना बेहद गलत है। एसपी को मामले से अवगत करा दिया है। दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई एसपी के स्तर से की जाएगी।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि विधायक और ब्लाक प्रमुख की होर्डिंग्स फाड़े जाने का मामला संज्ञान में आया है। अपर पुलिस अधीक्षक को जांच सौंपी गई है। जो भी दोषी होगा, उसके विरुद्ध कार्रवाई होगी।