हरदोई। भारतीय जनता पार्टी की बहुप्रतीक्षित कोर कमेटी की बैठक रविवार को लखनऊ में पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के आवास पर होगी। भाजपा की जिला कार्य समिति के गठन के मद्देनजर रविवार को होने वाली बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जिला कार्यसमिति में शामिल होने की कवायद कर रहे नेता शनिवार दिन भर लामबंदी में जुटे रहे।
भाजपा की जनपद स्तरीय कोर कमेटी की बैठक हमेशा ही महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस बैठक में जिला प्रवासी भाजपा के प्रदेश महामंत्री विद्यासागर सोनकर के अलावा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री, दो जिला महामंत्री, सभी सांसद और विधायक के अलावा जिले के निवासी क्षेत्रीय और प्रदेश कार्यसमिति के पदाधिकारी मौजूद रहते हैं। इस बार यह बैठक लंबे अंतराल के बाद हो रही है।
जिलाध्यक्ष पद पर सौरभ मिश्रा की दोबारा ताजपोशी होने के बाद अभी जिला कार्यसमिति की घोषणा नहीं हुई है। इस लिहाज से बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लखनऊ में पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल के आवास पर रविवार को होने वाली बैठक में जिला कार्यसमिति के गठन पर चर्चा की जाएगी। सबसे ज्यादा जोर आजमाइश जिला महामंत्री और जिला उपाध्यक्ष के लिए है। पार्टी के अधिकांश युवा चेहरे खुद को इन पदों के लिए लांबिंग कर रहे हैं। बैठक की जानकारी मिलते ही पद चाहने वाले नेता अपने संपर्क सूत्र इस्तेमाल कर जिला कार्यसमिति में जगह बनाने की कवायद में जुट गए।
प्रशासनिक और पुलिस अफसरों की कार्यप्रणाली पर चर्चा
विश्वस्त सूत्रों की मानें तो कोर कमेटी की बैठक में जनपद के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की जाएगी। अमर उजाला को मिली जानकारी के मुताबिक कुछ विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों से जनप्रतिनिधि खासे नाराज हैं और कोर कमेटी की बैठक में मामला उठा सकते हैं। इसी तरह पुलिस विभाग के एक अधिकारी को लेकर कुछ जनप्रतिनिधि असंतुष्ट हैं और इस पर भी बैठक में चर्चा की जा सकती है।