हरदोई। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा ने सुरसा पंचम से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुईं प्रेमावती को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। वे एससी/एसटी आयोग के पूर्व सदस्य और भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री पीके वर्मा की पत्नी हैं।
यूं तो सत्ता के गलियारों में पिछले कई दिनों से प्रेमावती को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने की सुगबुगाहट थी, लेकिन इसकी अधिकृत घोषणा नहीं हुई थी। गुरुवार शाम भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने प्रदेश नेतृत्व की अनुमति के बाद प्रेमावती को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी का प्रत्याशी घोषित किया।
प्रेमावती ने बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन सहायक अध्यापिका की नौकरी छोड़कर जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा था। नौकरी से इस्तीफा देने के बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि प्रेमावती ही भाजपा की प्रत्याशी होंगी। 52 वर्ष की प्रेमावती ने राजनीति विज्ञान और समाज शास्त्र विषयों से परास्नातक किया है और वे बीटीसी भी हैं। उनके पति पीके वर्मा पिछले लगभग दो दशक से राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं और अनुसूचित जाति/जनजाति आयोग के सदस्य रह चुके हैं। केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के सभापति भी रह चुके हैं।
26 को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे सपा और भाजपा प्रत्याशी
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती 26 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उधर, दूसरी ओर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा प्रत्याशी मुन्नी गौतम 26 जून को नामांकन दाखिल करेंगी।
संजीव गौतम भाजपा में शामिल
शाहाबाद प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्वाचित हुए निर्दलीय प्रत्याशी संजीव गौतम गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। गंगानगर स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने जिला उपाध्यक्ष प्रीतेश दीक्षित और जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा व अजीत सिंह बब्बन और विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू की मौजूदगी में संजीव गौतम को भाजपा की सदस्यता दिलाई।