हरदोई। गृहमंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार को पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आए। उन्होंने युवाओं को लुभाते हुए कहा कि सूबे में भाजपा सरकार बनी तो चतुर्थ श्रेमी व कांस्टेबल भर्ती में इंटरव्यू और अटेस्ट सिस्टम के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी। अभ्यर्थी खुद अपने दस्तावेज सत्यापित करेगा। वह शहर के आईटीआई मैदान में आयोजित परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रहे थे।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा का मकसद सरकार बनाना नहीं बल्कि देश बनाने का रहा है। भारत को विश्व की आर्थिक महाशक्ति के रूप में तैयार किया जा रहा है। केंद्र सरकार तमाम योजनाओं के जरिए प्रदेश को लाभांवित करना चाहती है, लेकिन प्रदेश सरकार इसमें रोड़ा बन रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए खाद बीज पर कंपनियों को दी जाने वाली सब्सिीडी को मालिकों के खातों में न भेजकर इसका लाभ उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।
राहुल गांधी का बिना नाम लिए बिना गृहमंत्री ने कहा कि वह कहते हैं मैं बोलूंगा तो भूचाल आ जाएगा। अरे आज तक उनके बोलने से हवा तक नहीं चली तो भूचाल क्या आएगा? वह जहां बोले वहां कांग्रेस की जमीन खिसक गई। गृहमंत्री ने पाक को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा पाकिस्तान पर चर्चा नहीं करेगी और यदि करेगी तो उसी की छाती पर बैठकर चर्चा करेगी। आतंकवाद का खात्मा वह इस ओर बैठ कर तो उस ओर भी घुसकर कर सकते हैं। मंच पर सांसद अंशुल वर्मा, सांसद अंजू बाला, किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल तोमर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति त्रिपाठी, सुरेश अवस्थी, पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने भी संबोधित किया संचालन जिला प्रभारी नीरज सिंह और आभार जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री ने जताया।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शहर के आईटीआई मैदान में परिवर्तन महारैली को संबोधित करते हुए नोटबंदी पर खुलकर जवाब दिया। कहा कि मोदी सरकार ने नोटबंदी का फैसला कालेधन और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने के लिए लिया। उन्होंने यहां तक कहा कि जो काम करता है उससे गलतियां भी होती ही हैं। अगर किसी को लगता है कि सरकार से कहीं गलती हुई है तो बहस को तैयार हैं। उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि हम बहस के जरिए जनता को जवाब देना चाहते हैं और विपक्ष केवल हंगामा ही करना चाहता है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्षी कर रहे हैं नोटबंदी कर मोदी ने जनता को लाइन में लगा दिया। लेकिन राशन, केरोसिन, खाद, रसोईगैस, टेलीफोन, चीनी और तो और शौचालयों तक में लाइनें किसने लगवाईं। प्रधानमंत्री मोदी ने हमेशा यह बात कही है कि न तो खाऊंगा और न ही खाने दूंगा बल्कि जो 70 सालों में खाया है उसे भी बाहर निकाल लूंगा। नोटबंदी में ऐसा ही कुछ हुआ है 70 सालों में जमा किया गया काला धन बाहर आ गया है। हम चाहते हैं गरीब और अमीर को बराबर सुविधाएं मिलें।
राजनाथ सिंह ने कहा कि यूपी में प्रधानमंत्री बीमा योजना को सही तरीके से लागू नहीं किया जा रहा है। यदि इसी निर्धारिक मानकों के अनुसार लागू कर दिया जाए तो किसानों को एक एक हजार तक के नुकसान की आसानी से भरपाई होगी। उन्होंने रैली में मौजूद किसानों से सवाल भी पूछें कि उन्हें ओलावृष्टि के बाद उनकी फसलों पर हुए नुकसान का मुआवजा मिला या नहीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ओलावृष्टि के लिए सबसे अधिक राशि उत्तर प्रदेश को भेजी है।
रैली में उमड़ी भीड़ देखकर गदगद हुए राजनाथ सिंह ने केंद्र की योजनाओं का बखान किया। करीब 49 मिनट के भाषण में वे उपलब्धियों पर फोकस किए रहे। गृहमंत्री का हेलीकाप्टर 1: 29 बजे पुलिस लाइन में उतरा। 1:35 बजे वह रैली के मंच पर पहुंच गए। स्वागत की औपचारिकता के बाद दोनों सांसद व केंद्रीय मंत्री कृष्णा राज बोली फिर दो बजे राजनाथ माइक पर आ गए।
राजनाथ ने अपने 49 मिनट के संबोधन में दो बार हरदोई की जनता को शीष झुकाकर नमन किया। कहा कि जो प्यार और सम्मान उन्हे आज यहां मिला उससे गदगद हैं। कहा, जब मुख्यमंत्री थे तो इसी मैदान में रैली को संबोधित करने आए थे। कई बरस बाद फिर आने का मौका मिला है। मुझे यहां शॉल, प्रतीक चिह्न और फूलों के हार पहनाकर जो प्यार दिया है उसे कभी भूलूंगा नहीं। उन्होंने अपना संबोधन शुरु करने से पहले हरदोई की जनता का शीष झुकार मंच से नमन किया और नमन से ही भाषण खत्म किया। बोले कि जिले में आ पाए या न आ पाएं जिलेवासियों का दिया सम्मान हमेशा दिल में रखेंगे।
मंच पर जिले के नेताओं ने गृहमंत्री को शॉल पहनाकर और प्रतीकचिह्न भेंटकर सम्मानित किया। राजनाथ सिंह ने भाषण की शुरुआत में कहा कि मुझे जो फूलों के हार पहनाए गए हैं वहीं ले जाऊंगा। जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री को जिम्मेदारी देता हूं कि भेंट की गई शॉलें सर्दी में ठिठुरते गरीबों को बांट द्रें और प्रतीक चिह्न से परीक्षाओं में अच्छे अंक से पास होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान कराएं। राजनाथ की इस दरियादिली की लोगों ने ताली बजाकर सराहना की।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश में बुआ और बबुआ की सरकारों के पार्टी सिंबल भले ही अलग रहे हो पर उनकी नीतियां व एजेंडे हमेशा एक ही रहे हैं। बुआ तो पहले ही जा चुकी है वर्ष 2017 के चुनाव में बबुआ भी जाते दिखाई देंगे। इस बार जनता ने भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है।
केंद्र सरकार में राज्यमंत्री कृष्णा राज ने कहा कि इस जिले में भी परिवर्तरन की लहर देखने को मिल रही है। एक बार वर्ष 2014 में भाजपा ने करवट ली थी तो देश को कुशल नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रुप में मिला था अब वर्ष 2017 में एक बार फिर भाजपा अंगड़ाई लेगी तो उत्तर प्रदेश की सत्ता में परिवर्तन देखने को मिलेगा।
सांसद अंशुल वर्मा ने कहा कि कुछ लोग जिले में भाजपा को उखाड़ फेंकने की बात कहते हैं उन्हे बता देना चाहता हूं ढाई साल पहले भाजपा के दो सांसद आने से पहले जिला प्रदेश में 74 वें स्थान पर था आज प्रत्येक वर्ष 1800 करोड़ के विकास कार्यो के बाद प्रदेश में 55 वें स्थान पर आ गया है। उन्होंने कहा कि भ्रामक प्रचार करने वाले सागर पर सेतु बनाने का काम न करें तो बेहतर है।
सांसद अंजू बाला ने हम बदलते निजाम बदल जाता, हर मंजिल पर अंजाम बदल जाता, कौन कहता हे कि भगत सिंह पैदा नहीं होते, पैदा होते हें पर नाम बदल जाते....सुनाकर सभी का ध्यान आकर्षित कर लिया। किसान मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय पाल तोमर, परिवर्तन यात्रा प्रभारी केबी सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, यात्रा संयोजक अतुल दीक्षित, सह संयोजक विनोद सिंह आदि मंच पर रहे।