शाहाबाद। बीती छह नवंबर को भाकियू नेता को गोली मारने के मामले में पुलिस ने भाजपा बूथ अध्यक्ष को बेटे समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से तमंचा भी बरामद हुआ है।
कोतवाली क्षेत्र के तड़ेर गांव निवासी राहुल दीक्षित भाकियू (अखंड) के मीडिया प्रभारी हैं। गांव निवासी राहुल के चाचा विनोद के मुताबिक, गांव के ही कमलेश राठौर भाजपा के बूथ अध्यक्ष हैं। कमलेश के मकान के सामने विनोद का खेत है। विनोद के खेत में कमलेश की कुछ ईंटें पड़ी थीं। खेत की सफाई के दौरान विनोद ने कमलेश से ईंटें हटाने के लिए कहा था। इसको लेकर विवाद हो गया था।
पांच नवंबर को कमलेश ने फावड़े से विनोद पर हमला कर दिया था। इसमें विनोद के दोनों हाथों में चोटें आई थीं। विनोद ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें पुलिस ने कमलेश का शांतिभंग में चालान कर दिया था। छह नवंबर की सुबह राहुल बाइक से विनोद का मेडिकल कराने सीतापुर जा रहे थे। आरोप है कि लालपुर के पास कमलेश ने पुत्र रमन के साथ मिलकर तमंचे से राहुल पर फायर कर दिया। इसमें राहुल घायल हो गए थे।
राहुल का इलाज मेडिकल कॉलेज में किया गया था। राहुल ने छह नवंबर की रात में ही कमलेश और उसके पुत्र पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी पिता पुत्र को रविवार को मंगलीपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया गया है।