हरदोई। नगर पालिका बिलग्राम के अधिशासी अधिकारी नीलाव शाल्या की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। कार्यालय में गैरहाजिरी पर नगर पालिका अध्यक्ष अनिल राठौर ने नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने गैरहाजिरी पर ईओ से जवाब मांगा है। आदेशित किया है कि भविष्य में बिना अनुमति के नगर पालिका कार्यालय नहीं छोड़ेंगे।
नगर पालिका बिलग्राम के माध्यम से संचालित कान्हा गोशाला में करीब 280 गोवंश संरक्षित हैं। इन गोवंशों के भरण-पोषण के लिए भूसा आदि की खरीदारी की जाती है। इसका भुगतान नगर निकाय की तरफ से किया जाता है। भूसा खरीद में तीन लाख रुपये की मांग और 1.50 लाख रुपये लिए जाने की प्रारंभिक जांच में पुष्टि के बाद डीएम अनुनय झा के आदेश पर बिलग्राम कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई जा चुकी है। वहीं अधिशासी अधिकारी नीलाव शाल्या की कार्यशैली को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष ने भी कार्रवाई करनी शुरू की है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने 22, 25 व 26 मई आदि कार्यालय दिवसों में बिना किसी सक्षम अधिकारी और अध्यक्ष की अनुमति के गैरहाजिरी पर नाराजगी जाहिर की है। अध्यक्ष ने इससे मनमानी कार्यप्रणाली बताते हुए ईओ को आदेशित किया है कि भविष्य में बिना अनुमति के कार्यालय नहीं छोडेंगे। वहीं इससे पहले अध्यक्ष ने आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के मानदेय रोकने और सेवा से निकलने के ईओ के आदेश को भी निरस्त कर चुके हैं।