थाना क्षेत्र के सवायजपुर कस्बा की बैंक ऑफ बड़ौदा से रुपये निकालकर जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने 35000 रुपये लूट लिए। महिला रुपये निकालने के बाद बाइक से बेटे के साथ घर लौट रही थी। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी है। पुलिस ने बदमाशों की पहचान के लिए बैंक से सीसीटीवी फु टेज निकलवाए हैं।
लोनार थाना क्षेत्र के उधरनपुर के मजरा उवरीखेड़ा निवासी आशाराम की पत्नी सुशीला देवी (50) मंगलवार को बेटे दुर्गेश के साथ मंगलवार को बाइक से बैंक से रुपये निकालने गई थी। सवायजपुर की बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से उन्होंने 35000 रुपये निकाले थे।
करीब 11:30 बजे वह घर लौट रही थी। वह सवायजपुर हरदोई रोड पर मझघेरिया गांव के निकट पहुंचे थे। पीछे से काले कलर की पल्सर बाइक से बदमाश आए। पीछे बैठे बदमाश ने मां के पास से रुपयों का बैग झपट लिया और हरदोई की तरफ भाग निकले।
दुर्गेश ने बताया कि मां को उठाने के बाद बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया। लेकिन तब तक बदमाश भाग निकले। पीड़ित ने सवायजपुर चौकी पहुंचकर पुलिस को लूट की जानकारी दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
प्रभारी एसओ एसएसआई राज किशोर ने बताया कि मामला सूचना मिली थी। जिसके आधार पर बैंक से सीसीटीवी फुटेज निकलवाए गए हैं। अभी तहरीर नहीं मिली है। बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।