जिले और आसपास के जिलों में बाइक चोरी की घटना को
अंजाम देने वाले अंतर्जनपदीय बाइक चोर गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने
गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी की गई सात बाइक बरामद कीं। एसपी ने इस
कामयाबी पर पुलिस टीम की सराहना करते हुए पांच हजार रुपये का इनाम देने की
घोषणा की है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाल डीपी सिंह को बीती रात
सूचना मिली कि अतरौली रोड पर तकिया गांव के पास एक बंद पडे़ ईंट भट्ठे में
कुछ व्यक्ति मोटरसाइकिल लिए बैठे हैं। इस पर कोतवाल, एसएसआई एमपी सिंह,
उपनिरीक्षक विपिन यादव की टीम को लेकर ईंट भट्ठे पर पहुंचे और घेराबंदी की।
पुलिस की आहट लगते ही यहां मौजूद लोग बाइक से भागने की कोशिश की तो पुलिस
ने पीछा कर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि एक फरार हो गया। पूछताछ के दौरान
उन्होंने अपना नाम गयाप्रसाद निवासी पीरनखेड़ा थाना अतरौली व आलम निवासी
मंगल बाजार संडीला बताया।
दोनों ने बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने
की बात कबूली और कुछ अन्य मोटरसाइकिलों की जानकारी भी पुलिस को दी। पुलिस
ने उनकी निशानदेही पर छापामारी करते हुए चोरी की सात बाइकें बरामद कीं। इस
मामले में कोतवाल ने बताया कि इसमें से एक बाइक 28 अप्रैल को अतरौली
क्षेत्र के बदनऊ खेडा से तथा दूसरी मोटरसाइकिल राजकीय ऊसर सुधार के पास से
30 अप्रैल को चुराई थी।
यह बाइक प्रमोद की बताई जाती है। बाकी बाइकें
उन्होंने लखनऊ क्षेत्र से चोरी की हैं। गिरोह का सरगना मौके से फरार हो
गया। एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों मेें गया प्रसाद चोरी
की बाइकें बेचने और आलम व उसका सरगना बाइक चुराने का काम करते थे।
उन्होंने
बताया कि बाइक चोरी की घटना का खुलासा करने पर एसपी उमेश कुमार सिंह ने
टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इन चोरों के पकड़े
जाने से क्षेत्र में बाइक चोरी पर अंकुश लगेगा।