संडीला। संडीला अतरौली मार्ग पर शुक्रवार देर रात साइकिल सवार से टकराकर सड़क पर गिरे बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
संडीला कोतवाली क्षेत्र के मीर नगर अजिगवां के मजरा दखिनहार निवासी सुनील पाल (30) मिठाई कारीगर था। वह महाराष्ट्र में काम करता था। बीती 22 जनवरी को गांव आया था। शुक्रवार को अपने घर में नल की बोरिंग कराने के लिए सामान खरीदने बाइक से देर शाम संडीला गया था।
वहां से वापस घर जाते समय संडीला-अतरौली मार्ग पर आबिदखेड़ा मंदिर के सामने आगे जा रही साइकिल से टकराकर बाइक समेत गिर गया। सुनील को राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिवार में पत्नी और दो पुत्र हैं। कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।