हरदोई। बिल्हौर कटरा मार्ग पर लोनार कोतवाली क्षेत्र में सहिजना के पास बाइक सवार को पिकअप ने टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद चालक पिकअप मौके पर छोड़कर भाग निकला।
लोनार कोतवाली क्षेत्र के दुघटिया निवासी ब्रजेश (23) जड़ी बूटी बेचने और झाड़फूक का काम करता था। मंगलवार शाम जड़ी बूटी खरीदने के लिए सवायजपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम को वापस गांव जा रहा था। बिल्हौर कटरा मार्ग पर लोनार कोतवाली क्षेत्र में सहिजना के पास स्थित एक ढाबे के निकट पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल ब्रजेश को सवायजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक छह भाई बहनों में चौथे नंबर का और अविवाहित था।
सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की सूचना पर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि लोनार कोतवाली क्षेत्र में घटना हुई है। पिकअप पुलिस के कब्जे में है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।