भरावन। अतरौली माल मार्ग पर बुधवार शाम तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी।
घटना में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को सीएचसी भरावन से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर इलेक्ट्रिक बस के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घटना के बाद चालक इलेक्ट्रिक बस मौके पर छोड़कर भाग निकला।
अतरौली थाना क्षेत्र के तेरवा पहलवान निवासी शिवम उर्फ कल्लू (30) खेती करते थे। पत्नी संध्या के मुताबिक शिवम बुधवार देर शाम घर से बिना कुछ बताए बाइक से निकले थे। अतरौली माल मार्ग पर पितौली गांव के पास लखनऊ से नैमिषारण्य के बीच चलने वाली इलेक्ट्रिक बस ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवम सिर के बल सड़क पर गिर गए। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरावन से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित कर दिया गया। परिवार में पत्नी संध्या, पुत्र नैतिक और पुत्री डिंपल है।
प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह ने बताया कि शिवम के छोटे भाई हिमांशु की तहरीर पर इलेक्ट्रिक बस के अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से बस चलाकर दुर्घटना करने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। क्षतिग्रस्त बाइक और बस पुलिस के कब्जे में है।