हरदोई/सांडी। सांडी थाना क्षेत्र में बिल्हौर-कटरा मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों का शव देखते ही कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक का पीछाकर चालक समेत पकड़ लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया गया। हेलमेट न लगाने से हेड इंजरी के कारण मौत हो गई।
लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर जेठौली निवासी पप्पू (25) अपने साथी रामनिवास (22) साथ सांडी थाना क्षेत्र के गांव नेकपुर हातिमपुर स्थित अपनी ससुराल जवाहर के यहां शनिवार को आया था। बताते है कि वह रविवार की देर शाम साथी के साथ बाइक से कसवा तिराहा की ओर जा रहा था इसी दौरान बिल्हौर-कटरा मार्ग पर तेज गति से आ रहे एक ट्रक की चपेट में दोनों आ गए।
इस दुर्घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें तत्काल अपनी जीप से लेकर जिला अस्पताल आए जहां पर चिकित्सक ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कुछ ही देर में मृतकों के परिजन अस्पताल आ गए और दोनों की मौत की खबर सुनते ही बिलख पडे़। अस्पताल कर्मियों ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया।
घटना के विषय में नेकपुर हातिमपुर निवासी रामचेला पुत्र राम औतार ने बताया कि पप्पू गांव निवासी जवाहर के दामाद है। जवाहर की मौत के बाद उनकी पत्नी ही गांव पर रहती है और उनके लड़के सभी दिल्ली में काम करते है। पुलिस ने ट्रक का पीछा कर चालक को ट्रक समेत पकड़ लिया।