हरदोई। बृहस्पतिवार रात बाइक सवार को चार लोगों ने पकड़ लिया। मारापीटा और रुपये लूट लिए। युवक के कपड़ों को उतरवाकर उसी से हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया। बाइक में आग लगा दी और भाग गए। राहगीरों ने युवक को पड़ा देखा। लूट की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई। पीड़ित युवक को भर्ती कराया गया है। पुलिस ने चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सुरसा थाना क्षेत्र के बदरुद्दीनपुर निवासी विनोद कुमार अपनी बाइक से बृहस्पतिवार रात नहर पटरी के रास्ते से तुंदवल जा रहे थे। जैसा कि बताया गया कि वह दोनों गांव के बीच में रास्ते में थे कि कुछ लोगों ने उनकी बाइक रुकवा ली और पकड़ लिया। आरोप है कि रास्ते में नहर के पास पटरी पर ले जाकर उनको मारापीटा और मरणासन्न कर दिया। इसके बाद उनके कपड़े उतरवा लिए। कपड़ों से ही हाथ-पैर बांधने के साथ ही मुंह पर भी कपड़ा बांध दिया, जिससे वह शोर नहीं मचा पाया। इसके बाद आरोपियों ने विनोद की बाइक में आग लगा दी। रुपए छीनकर भाग गए।
बाइक को जलता देखकर किसी राहगीर ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सुरसा पुलिस फोर्स पहुंचा तो विनोद के हाथ-पैर खोलकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नृपेंद्र कुमार ने बताया कि बदरुद्दीनपुर गांव निवासी विनोद अपनी बाइक से तूंदवल जा रहे थे। रास्ते में ज्ञान सिंह, रामचरित, रामसरण और रामभान ने इनको मारा-पीटा और बाइक जला दी और रुपये छीन कर चले गए। आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। बताया कि वैसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रही है फिर पुलिस मामले की पूरी जांच-पड़ताल में जुटी है।