बेनीगंज। ससुराल से घर आ रहे युवक की बाइक में शुक्रवार की रात लालपुर गांव की पुलिया के पास वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ढपरापुर गांव निवासी विनीत मिश्रा (26) शुक्रवार को भैनगांव गांव स्थित ससुराल गया था। देर रात वह बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में कोथावां बेनीगंज मार्ग पर लालपुर धर्म कांटे से कुछ दूरी पर स्थित पुलिया के पास वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी।
हेलमेट न लगाए होने के कारण विनीत हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि विनीत तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था, वह विवाहित था।
उसका एक बेटा भी है। वह गुरुग्राम में प्राइवेट नौकरी करता था। 15 दिन पहले ही वह घर आया था। परिजनों के आने के बाद पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करा दिया है।