फोटो-27-रूप नारायण की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HARDOI
बिलग्राम। कोतवाली क्षेत्र के हथौड़ा निजामपुर संपर्क मार्ग पर ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक सवार कोटेदार को टक्कर मार दी। आनन-फानन ही उन्हें सीएचसी बिलग्राम ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
ग्राम नबियापुर निवासी रूप नारायण उर्फ द्रगपाल (68) गांव के कोटेदार थे। शुक्रवार की शाम वह बाइक से सब्जी खरीदने के लिए बिलग्राम गए थे। शाम को लगभग साढ़े छह बजे वह गांव लौट रहे थे। हथौड़ा-निजामपुर संपर्क मार्ग पर ग्राम निजामपुर के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे रूपनारायण सिर के बल सड़क पर जा गिरे।
सिर में लगा हेलमेट भी टूट गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया। यहां चिकित्सक नेे रूपनारायण को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।